कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री वीरप्पा मोइली ने दावा किया है कि यूपीए सरकार के दौरान कांग्रेस के कुछ नेताओं ने नरेंद्र मोदी के खिलाफ चल रही जांच को रुकवा दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मोइली का कहना था कि यूपीए के दौर में कई नेताओं के हस्तक्षेप के चलते नरेंद्र मोदी सलाखों के पीछे पहुंचने से बच गए थे।

वीरप्पा मोइली के अनुसार, तत्कालीन समय में अमित शाह की गिरफ्तारी के बाद नरेंद्र मोदी की भी गिरफ्तारी की स्थिति बन सकती थी। मोइली ने इस कदम को कांग्रेस की एक बहुत बड़ी राजनीतिक भूल करार दिया और कहा कि इसका खामियाजा पार्टी आज भुगत रही है।

नेताओं के नाम और मामले का उल्लेख नहीं

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री रहे वीरप्पा मोइली ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच रोकने का यह फैसला तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का नहीं था, बल्कि यह निर्णय अन्य नेताओं द्वारा लिया गया था। उन्होंने बताया कि यह पूरा घटनाक्रम तब हुआ था, जब वह स्वयं केंद्रीय कानून मंत्री के पद पर कार्यरत थे।

हालांकि, मोइली ने अपने बयान में यह स्पष्ट नहीं किया कि किस विशिष्ट मामले में नरेंद्र मोदी के खिलाफ जांच रोकी गई थी। इसके साथ ही उन्होंने उन कांग्रेसी या यूपीए नेताओं के नामों का भी खुलासा नहीं किया जिन्होंने इस जांच प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर इसे रुकवाया था।