हरियाणा के हिसार जिले के भोजराज गांव में युद्धाभ्यास के दौरान एक सैन्य वाहन की चपेट में आने से भारतीय सेना के 2 जवानों की मौत हो गई।

मृतक सैनिकों की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली निवासी नायक मनीष कुमार और उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी नायक अंकुश कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब लगभग 32 टैंक नियमित अभ्यास में भाग ले रहे थे। अभ्यास के दौरान कई सैनिकों ने जमीन पर मोर्चे संभाल रखे थे।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि युद्धाभ्यास के दौरान उड़ी धूल की वजह से टैंक चालक को दिखना बंद हो गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।

घटना के सटीक समय को लेकर अलग-अलग बातें सामने आई हैं। जांच अधिकारी अशोक कुंडू ने कहा कि घटना रविवार को हुई, जबकि पुलिस ने अलग से कहा कि यह घटना शनिवार को हुई थी।