शुरुआती दौर में अजेय रहने के बाद भारतीय टीम महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी खिताब के लिए चीन के खिलाफ खेलने को पूरी तरह तैयार है।

मेजबान टीम ने पांच मैचों में लगातार पांच जीत के साथ शुरुआती चरण समाप्त करने के बाद अब नॉकआउट दौर पर ध्यान केंद्रित कर लिया है। मुख्य कोच शोर्ड मारिन के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बढ़ते आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए पांच मैचों में 15 अंक जुटाकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।

लगातार 15 मैचों से अजेय रहने वाला भारत इस मुकाबले में प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगा। इससे पहले लीग चरण के मुकाबले में भारत ने चीन को 6-2 से करारी शिकस्त दी थी।

हॉकी इंडिया की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गत चैंपियन ने 23 गोल दागे और सिर्फ चार गोल खाए, जिससे उसका गोल अंतर +19 रहा।

महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी प्रतियोगिता में 6-2 की यह जीत चीन के खिलाफ भारत की अब तक की सबसे बड़ी अंतर वाली जीत है। हॉकी इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इस नतीजे ने भारत को एफआईएच विश्व रैंकिंग में 5वें स्थान पर भी पहुंचा दिया, जो अक्टूबर 2003 में एफआईएच द्वारा रैंकिंग शुरू किए जाने के बाद से भारतीय महिला टीम की सर्वोच्च स्थिति है।