मुंबई: खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मुंबई स्थित नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया (NSCI Club) का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा, FDA ने खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामले में मुंबई यूनिवर्सिटी की कैंटीन पर भी जुर्माना लगाया है।

अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान परिसर में मक्खियां, कॉकरोच और भारी गंदगी पाई गई थी। इस जांच के दौरान बेसिन के पास भी कॉकरोच पाए गए, जिसके चलते स्वच्छता नियमों के गंभीर उल्लंघन की पुष्टि हुई। इन कमियों को देखते हुए क्लब के खिलाफ लाइसेंस निलंबन की सख्त कार्रवाई की गई।

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) तथा राज्य का खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) देश भर के खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच करते हैं। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले रेस्तरां, क्लब और कैंटीनों पर लाइसेंस निलंबन तथा जुर्माने जैसी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।