पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन पर सहमति बन गई है। दोनों दलों के बीच चुनावी तालमेल को लेकर समझौता फाइनल हो चुका है और इसकी औपचारिक घोषणा दोपहर 1 बजे एक प्रेस वार्ता में की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल भी मौजूद रहेंगे।
सीटों के बंटवारे का गणित
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, पंजाब विधानसभा की कुल 117 सीटों के तहत भाजपा के खाते में 40 से 45 सीटें जाने की संभावना है, जिन पर पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी। वहीं शिरोमणि अकाली दल इस बार भी गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और 72 से 77 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा।
पंजाब में अकाली दल और भाजपा के बीच पहली बार 1996 में राजनीतिक गठबंधन हुआ था। दोनों दलों का यह पुराना गठबंधन बाद में कृषि कानूनों के मुद्दे पर हुए विवाद के कारण टूट गया था।

