गणित की एक पुरानी चुनौती को हल करने में मिली सफलता के बाद, भारतीय गणितज्ञ नीना गुप्ता को टाइम पत्रिका द्वारा संकलित टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया 2026 की सूची में शामिल किया गया।

गुप्ता कोलकाता स्थित भारतीय सांख्यिकी संस्थान (आईएसआई) में प्रोफेसर हैं। उनका चयन गणित के क्षेत्र में उनके योगदान, विशेष रूप से बुनियादी सैद्धांतिक सवालों को हल करने को रेखांकित करता है।

वर्ष 2014 में, गुप्ता ने ज़ारिस्की कैंसिलेशन प्रॉब्लम के एक संस्करण का एक जवाबी उदाहरण (काउंटरएग्जांपल) खोजा था। बीजीय ज्यामिति (अलजेब्रिक ज्योमेट्री) से जुड़ी यह समस्या लगभग 70 वर्षों से अनसुलझी बनी हुई थी।

ज़ारिस्की कैंसिलेशन प्रॉब्लम क्रमविनिमेय बीजगणित (कम्यूटेटिव अलजेब्रा) और बीजीय ज्यामिति में एक मूलभूत प्रश्न के रूप में कार्य करती है।

गुप्ता को पहले भी भारत में कई प्रमुख शोध सम्मान मिल चुके हैं। उनकी पिछली उपलब्धियों में 2019 में शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार और उसके बाद 2024 में इंफोसिस पुरस्कार शामिल हैं।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी के लिए शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) द्वारा प्रतिवर्ष दिया जाने वाला एक भारतीय विज्ञान पुरस्कार है। इंफोसिस पुरस्कार इंफोसिस साइंस फाउंडेशन द्वारा भारत में शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों को प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है।