महाराष्ट्र सरकार द्वारा नियुक्त एक समिति ने प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक रोकने के लिए 10 साल तक के कारावास और कम से कम 10 करोड़ रुपये के जुर्माने सहित कड़े दंड की सिफारिश की है।

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि राज्य प्रशासन को अपनी दूसरी रिपोर्ट सौंपने वाली इस समिति ने सात से 10 साल की कैद, संपत्तियों की जब्ती और त्वरित न्यायिक सुनवाई का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा, समिति ने 'महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024' में संशोधन करने की भी सलाह दी है।

इस समिति की अध्यक्षता वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टीआईएसएस) की निदेशक वी. राधा कर रही हैं। समिति ने पेपर लीक मामलों की जांच के लिए एक समर्पित स्पेशल टास्क फोर्स और मामलों की सुनवाई के लिए विशेष अदालतों के गठन का प्रस्ताव दिया है।

सिफारिशों में परीक्षा केंद्रों के प्रबंधन के लिए एक निकाय के गठन के साथ-साथ अनिवार्य स्वतंत्र मूल्यांकन, मजबूत साइबर सुरक्षा प्रोटोकॉल और परीक्षा केंद्रों की शुचिता बनाए रखने के लिए निगरानी उपकरणों की भी मांग की गई है।

दंडात्मक कदमों के अलावा, प्रस्तावित सुधारों में महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) के अभ्यर्थियों को राहत देने की बात कही गई है। इस पैकेज में परीक्षा शुल्क की प्रतिपूर्ति, अतिरिक्त रिक्तियां और उम्मीदवारों के लिए आयु सीमा में एकमुश्त छूट शामिल है।