बाजार नियामक सेबी ने सोमवार को लोगों को उन घोटालों के प्रति आगाह किया, जिनमें अपराधी व्हाट्सएप और टेलीग्राम चैनलों के माध्यम से वैध बाजार मध्यस्थों का रूप धारण कर लोगों को अवैध ट्रेडिंग सेवाओं में पूंजी लगाने के लिए बरगलाते हैं।
नियामक ने कहा कि उसके संज्ञान में कई ऐसे व्हाट्सएप ग्रुप आए हैं जो पंजीकृत मध्यस्थों की नकल कर निवेशकों को अनाधिकृत प्लेटफॉर्मों पर ट्रेडिंग खाते खोलने के लिए प्रेरित करते हैं। ये जालसाज बंद सोशल मीडिया ग्रुप्स के जरिए काम करते हैं और खुद को वैध दिखाने का झूठा आभास पैदा करते हैं।
नियामक के अनुसार, ये धोखेबाज निवेशकों को तथाकथित संस्थागत ट्रेडिंग के अवसरों में शामिल होने का लालच देते हैं। वे अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजारों से भारी मुनाफे का वादा करते हुए स्टॉक और इंडेक्स की सिफारिशें पेश करते हैं।
जालसाज इन अनाधिकृत प्लेटफॉर्मों पर पीड़ितों को आकर्षित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजारों को भारतीय बाजारों की तुलना में अधिक लाभदायक बताते हैं, जिसके चलते नियामक ने खुदरा निवेशकों की सुरक्षा के लिए यह चेतावनी नोटिस जारी किया है।



